तरैया थानान्तर्गत घटा सीरियल चाकूबाजी की घटना
पीड़ितों से एसएसपी सारण और ग्रामीण एसपी द्वारा पूछताछ एवं घटनास्थल का किया गया निरीक्षण
सारण,शनिवार को तरैया थाना को सूचना प्राप्त हुई कि तरैया थानान्तर्गत ग्राम डीह छपिया में 01 अज्ञात मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा चाकू से हमला कर 08 लोगों को बिना कारण जख्मी कर दिया गया है। जख्मी व्यक्तियों को उनके परिजनों द्वारा सदर अस्पताल छपरा में भर्ती करवाया गया, जहाँ 02 व्यक्तियों को उनके बेहतर इलाज हेतु पी.एम.सी.एच. पटना रेफर किया गया है। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा चाकूबाजी की घटना कारित करने वाले व्यक्ति को मौके पर मारपीट कर घायल कर दिया गया है। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तरैया थाना पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा उक्त घटना कारित करने वाले घायल आरोपी (जिसकी पहचान बिट्टू तिवारी, मशरख थाना निवासी के रूप में हुई है) को इलाज हेतु पी.एच.सी. तरैया में भर्ती करवाया गया, जहाँ उसके बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया। इलाज के क्रम में उक्त घायल आरोपी व्यक्ति की मृत्यु हो गयी। तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त घटना के घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण द्वारा किया गया है तथा घटना के संबंध में ग्रामीणों से आवश्यक पूछताछ की गयी।
इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा सदर अस्पताल, छपरा में इलाजरत जख्मियों से मुलाकात की गयी तथा उनसे घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की गयी। इस संदर्भ में वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा संबंधित पदाधिकारी को घटना से जुड़ी सभी बिन्दुओं की जाँच करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का दिशा-निर्देश दिया गया है। वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।




