
बनियापुर
थानाक्षेत्र के हरपुर हाई स्कूल के निकट एक अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेत में आने से एक अधेड़ महिला की मौत हो गयी। मृत महिला भूमिहारा गांव निवासी भगवान सिंह की पत्नी 56 वर्षीय मीरा देवी बतायी जाती है। महिला गुरुवार की देर शाम किसी काम के लिए बनियापुर जा रही थी। तभी अज्ञात वाहन ने टक्कड़ मार दी। महिला सड़क पर गिरकर तड़पने लगी। महिला को तड़पते देख स्थानीय लोगों ने आनन फानन में उसे रेफ़रल अस्पताल बनियापुर में भर्ती कराया था। फिर परिजनों को घटना की सूचना दी गयी थी। इधर, डॉक्टर ने महिला की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया था। जहां ईलाज के दौरान ही देर रात को महिला की मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। मुहल्ले में मातम छा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। बनियापुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने अबतक प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया है। आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।